July 18, 2026
Anurag Kumar & Satish Golcha

सतीश गोलचा को पद से हटाया गया, गृह मंत्रालय ने जारी किए नियुक्ति आदेश

रिपोर्ट: अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राजधानी की कानून-व्यवस्था की कमान संभालने वाले दिल्ली पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में बड़ा फेरबदल किया गया है। केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर आईपीएस सतीश गोलचा को पद से हटाते हुए 1994 बैच के एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिकारिक आदेश जारी कर दिए है।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में भारत सरकार के अपर सचिव राकेश कुमार सिंह ने कहा कि अनुराग कुमार को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अनुराग कुमार इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। आदेश के अनुसार, वर्तमान पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा नए अधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद अपनी अगली नियुक्ति के लिए दिल्ली के उप-राज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे।

गौरतलब है कि आईपीएस सतीश गोलचा को 22 अगस्त 2025 को दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह तिहाड़ जेल के महानिदेशक (डीजी) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अनुराग कुमार की नियुक्ति को दिल्ली पुलिस के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में राजधानी की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को लेकर नई प्राथमिकताओं पर काम होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *