June 15, 2026
Urjit Patel

बीसीआर न्यूज़ (भोपाल/मध्य प्रदेश): भोपाल की एक अदालत ने आरबीआई के गवर्नर उर्जित पटेल की पूर्व पत्नी विभा जोशी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। विभा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। यह मामला विभा जोशी के भाई बर्खास्त आईएएस अधिकारी अरविंद जोशी और उनकी पत्नी टीनू जोशी से जुड़ा हुआ है। इस मामले में अरविंद जोशी के मां-बाप निर्मला जोशी और एचएम जोशी सहित दोनों बहनें आभा जोशी और विभा जोशी अभियुक्त बनाए गए हैं।

भ्रष्टाचार के इस मामले में जोशी परिवार के सद्स्यों सहित कुल 16 अभियुक्त हैं, जिन पर आरोप तय हो गया है। मामले की जांच में अरविंद जोशी के घर से कई करोड़ रुपए भी जब्त किए गए थे। विशेष न्यायाधीश दिनेश प्रसाद मिश्र की अदालत ने इन सभी के खिलाफ आईपीसी की धारा 467, 468, 109, 120बी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) (ई) और 13(2) के तहत आरोप तय किए हैं। अदालत ने आभा और विभा जोशी के अलावा प्रदीप जैन को फरार घोषित कर उनके खिलाफ गिरफ्तारी वॉरंट जारी किए हैं।

बता दें कि अरविंद जोशी और टीनू जोशी के खिलाफ 2011 में एक मुकदमा दर्ज हुआ था। उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप था।
विभा अमेरिका में रहती हैं और गवर्नर उर्जित पटेल से उनकी शादी 1994 में हुई थी। 2003 में दोनों का तलाक हो गया था। जिस मामले में विभा के खिलाफ वॉरंट जारी किया गया है वह भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *