June 14, 2026
Delhi Fire

बीसीआर न्यूज़ (अजय शास्त्री/नई दिल्ली): राजधानी दिल्ली के रानी झांसी रोड पर रविवार सुबह अनाज मंडी में भीषण आग लग गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और बिना किसी देरी के आग को काबू में करने की कोशिश शुरू की. हालांकि इस मामले में 48 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. इनमें 15 की हालत नाजुक बताई जा रही है.


आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. फिलहाल फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है. इलाके में लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है. जानकारी के मुताबिक अनाज मंडी में एक इमारत में आग लगी. आग इतनी भयानक थी कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 30 से ज्यादा गाड़ियां पहुंची. हालांकि देखते ही देखते आग बढ़ती ही चली गई.
घटना के बाद घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं अस्पताल की ओर से अब तक 45 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है. अकेले एलएनजेपी अस्पताल में ही कुल 49 लोगों को लाया गया था. इनमें से 34 की मौत हो गई, जबकि 15 लोगों का उपचार चल रहा है. इनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक कई लोग 50 फीसदी से ज्यादा जल चुके हैं. साथ ही घायलों को 4 अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों को आरएमएल, एलएनजेपी, हिंदू राव और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *