July 8, 2026
CM Rekha Gupta

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्लीः दिल्ली सरकार ने आर्थिक रुप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता देने की तैयारी में है. सरकार महिला समृद्धि योजना शुरू करने की तैयारी में है और औपचारिक रुप से इसकी शुरूआत 28 अगस्त यानि कि रक्षा बंधन के अवसर पर हो सकती है. इसके तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए मिलेंगे.

प्रधानमंत्री मोदी इस योजना की शुरूआत कर सकते हैं. सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, जिसे अब पूरा करने की तैयारी है. इस योजना को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है, केवल इसकी औपचारिक घोषणा होनी है.

रक्षाबंधन पर दिल्ली की महिलाओं को सौगात

दरअसल, इस साल रक्षाबंधन पर दिल्ली की महिलाओं को सरकार एक बड़ी सौगात देने जा रही है. इसके तहत सरकार 28 अगस्त को महिला समृद्धि योजना का शुभारंभ करेगी. इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इससे दिल्ली की करीब 20 से 22 लाख महिलाओं को योजना का लाभ मिलने का अनुमान है. इस योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी तैयार कर लिया गया है. महिला समृद्धि योजना के लिए सरकार ने बजट में 5,110 करोड़ का आवंटन किया है.

किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस योजना को लेकर पहले ही साफ किया था कि इसे पूरी तैयारी के साथ लागू किया जाएगा, जिससे सभी पात्र महिलाओं तक इसका लाभ पहुंच सके. इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को ही मिलेगा जिनके परिवार की आर्थिक आय 2.50 लाख से 3 लाख के बीच होगी. इसके साथ ही महिला दिल्ली की निवासी होनी चाहिए. इस योजना के तहत राशनधारक महिलाओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी. हालांकि, जो महिलाएं सरकारी नौकरी करती हैं, इनकम टैक्स भरती हैं और जिनके पास चार पहिया वाहन है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *