June 6, 2026
Murthal

अजय शास्त्री
बीसीआर न्यूज़

सोनीपत, हरियाणा।
आपको बता दें कि दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत में मुरथल के दो मशहूर ढाबे कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। सुखदेव ढाबे के 71 कर्मचारी और गरम-धरम ढाबे पर 10 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन दोनों ढाबों को अगले आदेश तक सील कर दिया गया है। दोनों ढाबे पर कुल 81 कर्मचारी संक्रमित हुए हैं। इन सभी कर्मचारियों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया था।

मिली जानकारी के अनुसार, सुखदेव ढाबे पर काम करने बाहर से आए 71 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। किसी में कोई लक्षण नहीं होने के कारण सभी को उनके घरों में क्वारंटाइन कर दिया गया है। मामले की सूचना पर एसडीएम विजय सिंह मौके पर पहुंचे और जरुरी दिशा-निर्देश दिया।

ढाबे के संचालक ने बताया कि एहतियात के तौर पर ढाबे को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है और उसे सैनिटाइज किया जा रहा है। उप सिविल सर्जन व ग्रामीण क्षेत्र की नोडल अधिकारी डॉ. गीता दहिया ने बताया कि सुखदेव ढाबा पर काम करने वालों के सैंपल की जांच की गई थी। उसमें ढाबे के कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

319 कर्मचारियों के लिए गए थे सैंपल

जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी मुरथल के मशहूर सुखदेव ढाबा पर एकदम से कोरोना विस्फोट हुआ। ढाबा काम करने के लिए आए 71 कर्मचारी व श्रमिक कोरोना संक्रमित पाए गए। उप सिविल सर्जन डॉ. दहिया ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर ढाबा पर काम करने वाले कर्मचारी व श्रमिकों के सैंपल लेने का काम चल रहा था। 31 अगस्त को सुखदेव ढाबा के संचालक ने उन्हें बताया था कि उन्होंने अभी बाहर से भी कुछ कामगार बुलाए हैं। उन्होंने उनके भी सैंपल लेने का अनुरोध किया था। इस तरह ढाबे पर करीब 319 कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे। इनमें 71 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी सूचना ढाबा संचालक को दे दी गई है।

ढाबा संचालक ने बताया बिहार से आए थे कर्मचारी

उधर, ढाबा संचालक अमरीक सिंह ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले बिहार से बस के द्वारा करीब 100 कामगारों को बुलाया था। ये कामगार पहले भी उनके पास काम करते थे और लॉकडाउन के दौरान अपने घर चले गए थे। सभी ढाबा के साथ लगते क्वार्टर में ठहरे हुए थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से सभी का कोरोना जांच करने का अनुरोध किया था। इस पर सभी के सैंपल लिए गए थे। इनमें से ही 71 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

पहलवान दीपक भी कोरोना पॉजिटिव

वहीं, पहलवान दीपक पूनिया, कृष्ण और नवीन भी कोरोना पॉजिटीव पाए गए हैं। साई में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती कैंप में ये तीनों भाग ले रहे हैं। बुधवार को इनके सैंपल लिए थे। दीपक पूनिया टॉक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाइ कर चुके हैं।

पहलवान विनेश के पति सहित 191 लोग कोरोना संक्रमित

बता दें कि जिले में कोरोना के संक्रमित मरीजों की रफ्तार एक बार फिर से तेजी से बढ़ रही है। इससे स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता बढ़ गई हैं। बुधवार को पहलवान विनेश फौगाट के पति सोमबीर राठी सहित 191 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, जबकि 80 लोग संक्रमण से ठीक होकर घर लौटे। विनेश फौगाट व कुश्ती कोच ओपी दहिया 28 अगस्त को कोरोना संक्रमित मिले थे। हालांकि अब उनकी दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *