September 19, 2026
Corona update

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: आपको बता दें कि देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद एक बार तीसरी लहर गति पकड़ती नजर आ रही है। तीसरी लहर की आशंका के बीच देश में एक बार फिर दैनिक कोविड मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। देश में पिछले 24 घंटे में 42,123 नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3998 लोगों की मौत हो गई। देश में बीते दिन हुई मौतें पिछले 39 दिनों में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 11 जून को 3996 लोगों की मौत हुई थी।

भारत में एक दिन में कोविड-19 से मौत के 3,998 मामले सामने आने के बाद देश में इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4,18,480 हो गई। महाराष्ट्र के 14वीं बार संक्रमण के आंकड़ों का मिलान करने के कारण एक दिन में मौत के इतने मामले सामने आए हैं।

महाराष्ट्र की पुरानी मौतों की संख्या ने बढ़ाया आंकड़ा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में संक्रमण के 42,015 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,12,16,337 हो गई। मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र ने 14वीं बार राज्य में संक्रमण के आंकड़ों का मिलान किया, जिससे राज्य में संक्रमण के मामले 2,479 और उससे हुई मौत के मामलों की संख्या 3,509 बढ़ गई।

आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी बढ़कर 4,07,170 हो गई, जो कुल मामलों का 1.30 फीसदी है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 1,040 की बढ़ोतरी हुई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.36 फीसदी है।

कोरोना: अब तक इतने नमूनों की हुई जांच।

आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 44,91,93,273 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 18,52,140 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई। देश में नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.27 फीसदी है। यह पिछले 30 दिनों से लगातार तीन फीसदी से कम है। नमूनों में संक्रमण की पुष्टि की साप्ताहिक दर 2.09 प्रतिशत है। अभी तक कुल 3,03,90,687 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.34 फीसदी है। देश में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 41.54 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

ऐसे बढ़ा संक्रमण का ग्राफ।

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसंबर  को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)
बॉलीवुड सिने रिपोर्टर (समाचार पत्र) व बीसीआर न्यूज़ (वेब न्यूज़ चैनल व वेब पोर्टल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *