अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू हो गया. भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी सैकड़ों समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे और इंसाफ की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए. प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई.
धरने के दौरान चंदन तिवारी ने आरोप लगाया कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब तक किसी भी दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.
उनका कहना है कि परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है. उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा.
चंदन तिवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की. उन्होंने कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से लेकर परिवार को न्याय दिलाएगी. उनका कहना है कि सरकार अगर बातचीत के लिए आगे आती है, तो परिवार अपनी बात विस्तार से रखने को तैयार है.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होती और उनकी मांगों पर बातचीत नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा. जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है.
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई. फिलहाल इस मामले में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
