June 15, 2026
Mahira

बीसीआर न्यूज़ (लाहौर/पाकिस्तान): पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान ने दिग्गज अभिनेता ओम पुरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुनिया ने महान कलाकार को खो दिया। ‘रईस’ फिल्म के साथ बॉलीवुड में करियर की शुरुआत कर रहीं माहिरा खान ने कहा कि ओम पुरी सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में से एक थे।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “दुनिया ने महान कलाकार को खो दिया। वह भारतीय सिनेमा के बेहतरीन अभिनेता थे।”

पद्मश्री से सम्मानित, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ओम पुरी का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 66 साल के थे।
उन्होंने भारतीय फिल्मों के साथ-साथ टेलीविजन व थियेटर में भी अपने बेहतरीन अभिनय की छाप छोड़ी। साथ ही उन्होंने ब्रिटेन और अमेरिका की फिल्मों में भी काम किया।

नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के छात्र रह चुके ओम पुरी ‘मिर्च मसाला’, ‘जाने भी दो यारो’, ‘चाची 420’, ‘हेरा फेरी’, ‘मालामाल विकली’ जैसी कई व्यावसायिक फिल्मों का भी हिस्सा रहे।
ओम पुरी के अंतर्राष्ट्रीय अभिनय करियर की शुरुआत रिचर्ड एटनबरो की ‘गांधी’ से हुई। इसमें उन्होंने अतिथि भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *