अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की लोधी कॉलोनी में 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति की संदिग्ध मौत की जांच में नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतका के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में पता चला है कि वह पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और इंटरनेट पर आत्महत्या के तरीकों से जुड़ी जानकारी तलाश रही थीं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन भी उन्होंने कथित तौर पर स्यूसाइड के तरीके सर्च किए थे।
सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि आकृति ने केवल शादी के बाद ही नहीं, बल्कि इससे पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। 12वीं क्लास में पेपर खराब होने के बाद कथित तौर पर हाथ की नस काट ली थी। जांच टीम अब उनके पुराने मेडिकल रिकॉर्ड और परिवार से मिली जानकारी का भी मिलान कर रही है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ और अब तक जुटाए गए तथ्यों में सामने आया है कि आरोपी पति अरस्तू सिक्का पत्नी पर जल्द बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था, जबकि आकृति चाहती थीं कि उनका पति पहले नियमित रूप से कामकाज पर ध्यान दे।
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत की जांच में नए तथ्य सामने आए
पुलिस दोनों के बीच घरेलू विवाद, बातचीत, मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्ड का भी विश्लेषण कर रही है, ताकि रिश्ते में तनाव की असल वजह सामने आ सके। इस मामले में पुलिस पहले ही दहेज हत्या से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर अरस्तू सिक्का को गिरफ्तार कर चुकी है। अब डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और दोनों परिवारों के बयानों को जोड़कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी तैयार की जा रही है।
‘अभी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी’
जांच अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मोबाइल से मिले इनपुट जांच का एक हिस्सा हैं और सभी परिस्थितिजन्य एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है। वहीं, आकृति के परिवार का कहना है कि उनकी बेटी सुसाइड नहीं कर सकती। गूगल पर जो हिस्ट्री में सामने आया है कि उसने मरने के तरीके ढूंढे थे, यह आकृति कभी नहीं कर सकती। उसका फोन उसका पति चलाता था, शायद उसी ने उसे मारने का प्लान बनाया हो।
