July 8, 2026
Kejriwal

अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लखनऊ में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. पूर्व सीएम केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा है कि हिंदुओं को जितना अपमानित बीजेपी ने किया है उतना आतताइयों ने 5000 सालों के इतिहास में नहीं किया है.

इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर हिंदुओं को लूटने का आरोप भी लगाया है. इस पोस्ट के साथ केजरीवाल ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की एक रैली का वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें एक शख्स हनुमान जी के ड्रेस में उनकी गाड़ी के सामने नाच रहा है, जिसे लेकर केजरीवाल ने बीजेपी से माफी की मांग की है.

केजरीवाल ने कहा- मांगे माफी

अरविंद केजरीवाल ने लिखा, ‘जितना नुकसान और अपमान आप लोगों ने हिंदू धर्म का किया है, शायद भारत के 5000 वर्ष के इतिहास में बाहर से आने वाले आतताइयों ने भी नहीं किया. जितना आप लोगों ने हिंदुओं को लूटा है, आज तक किसी ने नहीं लूटा. हिंदू धर्म पर आप लोग कलंक हैं.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘ये वीडियो देखिए. ये क्या कर रहे हैं आप. शर्म आती है आपको? माफी मांगिए पूरे हिंदू समाज से.’

क्या है वीडियो में?

दरअसल, ये वीडियो यूपी के लखनऊ में बीजेपी की एक मेगा रैली की है. यहां नितिन नवीन के दौरे पर एक कलाकार ने भगवान हनुमान का वेश धारण कर विशेष प्रस्तुति दी थी. इसका वीडियो काफी वायरल भी हुआ था. इस रैली के दौरान हिंदू धर्म को लेकर नितिन नवीन ने केजरीवाल समेत कई विपक्षी नेताओं पर निशाना भी साधा था.

उन्होंने कहा था, “आज मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिएगा कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे.” इसपर केजरीवाल ने पलटवार करते हुए पूछा था कि आप है कौन.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *