अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली के रणहौला इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. एक दंपती के बीच लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गया. आरोप है कि पति ने पहले पत्नी की जान ले ली और कुछ ही देर बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना ने दो साल की मासूम बच्ची को अनाथ कर दिया.
आउटर जिले के डीसीपी विक्रम मीणा से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान 28 वर्षीय विनय और 24 वर्षीय निशा के रूप में हुई है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए. शुक्रवार को परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया. फिलहाल उनकी दो वर्षीय बेटी विनय के परिवार के संरक्षण में है.
पत्नी के किसी और से बात करने को लेकर पति ने किया हमला
जांच में सामने आया है कि विनय और निशा की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और दोनों ने विवाह कर लिया. शादी के बाद वे तिलंगपुर कोटला गांव में किराये के मकान में रहने लगे. शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा.
परिजनों का आरोप है कि निशा की किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. गुरुवार को भी इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई. आरोप है कि गुस्से में आकर विनय ने घर में रखी ई-रिक्शा की बैटरी से निशा पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल निशा को कमरे में छोड़कर वह अपनी दो साल की बेटी को साथ लेकर वहां से निकल गया.
बहन के घर पहुंचकर खुद कबूल की पूरी घटना
बताया जा रहा है कि विनय सीधे अपनी बहन प्रिया के घर पहुंचा. वहां उसने बहन से कहा कि वह बच्ची का ख्याल रखे, क्योंकि उसने निशा पर हमला कर दिया है और खुद भी जहर खा लिया है. यह सुनते ही परिवार के लोग उसके घर पहुंचे. कमरे में खून फैला हुआ था और निशा बेसुध पड़ी थी. इसके बाद तुरंत पुलिस और पीसीआर को सूचना दी गई.
जहरीला पदार्थ खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए विनय की भी देर रात मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि मौत से पहले विनय ने डॉक्टर को घटना की जानकारी दी थी और हमले के पीछे की वजह भी बताई थी.
परिवार का दावासमझाने के बावजूद भी, लंबे समय से चल रहा था तनाव
विनय की मां मनीषा का कहना है कि निशा की यह दूसरी शादी थी. उनके मुताबिक, विनय अपनी पत्नी से बेहद प्रेम करता था, लेकिन उसे इस बात को लेकर लगातार आपत्ति रहती थी कि वह किसी अन्य युवक से फोन पर बात करती थी. परिवार का दावा है कि इस मुद्दे पर कई बार समझाने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ.
परिजनों के अनुसार, विवाद पहले भी कई बार इतना बढ़ा कि विनय ने गुस्से में निशा का मोबाइल फोन तोड़ दिया था. इसके बाद वह अपनी मां का फोन इस्तेमाल करने लगी. इससे दोनों के बीच पैदा हुई दूरियां कम नहीं हो सकीं और रिश्ते में तनाव लगातार बना रहा.
पड़ोसियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बची जान
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल निशा को बचाने की कोशिश की. स्थानीय निवासी लोकेश कुमार के मुताबिक पुलिस को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन टीम के पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी. निशा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
