अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के जीटीबी एन्क्लेव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई. युवक बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सड़क पर अचानक आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई. पीछे से आ रही डीटीसी की 165 नंबर रूट बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 11:30 बजे दमकल विभाग केंद्र, ताहिरपुर के सामने हुआ.
मृतक की पहचान 35 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के भोपुरा का रहने वाला था और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कार्यरत था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदीप बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान अचानक एक कुत्ता उसकी बाइक के सामने आ गया. कुत्ते को बचाने के लिए उसने ब्रेक लगाया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा. तभी पीछे से आ रही डीटीसी की 165 नंबर रूट बस का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया. हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों के अनुसार संदीप ने हाल ही में अपनी दिवंगत माता के स्थान पर अनुकंपा के आधार पर एमसीडी में अस्थायी नियुक्ति प्राप्त की थी. नौकरी शुरू होने के कुछ समय बाद ही हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस, एफएसएल टीम और क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया. शाहदरा के डीसीपी आर.पी. मीना के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
