November 28, 2026
Screenshot 2026-11-27 232905

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली के भारत नगर स्थित इस्माइल खां पार्क में 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। आरोपी पहले भी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सात साल की सजा काट चुका है। स्थानीय लोगों ने पार्क में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने, गार्ड की कमी और अंधेरे को लेकर सवाल उठाए हैं।

हाइलाइट्स

  • आरोपी पुराने रेप केस में सजा काटकर जेल से आया था बाहर
  • 10 साल की बच्ची को पैसों का लालच देकर पार्क बुलाया
  • पार्क में CCTV कैमरे नहीं, गार्डों की कमी से सुरक्षा पर सवाल

दिल्ली के पार्कों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। भारत नगर के इस्माइल खां पार्क में 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत एक शख्स ने बच्ची को पैसों का लालच देकर अपने पास बुलाया और फिर पार्क के दूसरे हिस्से में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। हालांकि, पार्क में मौजूद लोगों और सिक्योरिटी गार्ड की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पैसों का लालच देकर बच्ची को बुलाया

डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट आकांक्षा यादव ने बताया कि 24 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे कंट्रोल रूम को पार्क में बच्ची के साथ गलत हरकत होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां लोगों ने एक शख्स को पकड़ रखा था। शुरुआती जांच में सामने आया कि पार्क में कई बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने एक बच्ची को पैसे देने का लालच देकर अपने पास बुलाया और उसे पार्क के दूसरे हिस्से में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस दौरान पार्क में मौजूद लोगों और सिक्योरिटी गार्ड ने उसकी हरकत देख ली और उसे पकड़ लिया। बच्ची की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पहले भी नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में काट चुका है सजा

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी करीब 7 साल पहले स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में सजा काट चुका है। उसे इस मामले में सात साल की कैद हुई थी। सजा पूरी करने के बाद वह कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। चंद्रावल में रहने वाले उसके परिजनों ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से वह अलग-अलग इलाकों में रह रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।

डीडीए का दावा, पार्क में सुरक्षा के कई इंतजाम

घटना के बाद डीडीए ने कहा कि पार्क में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। सिक्योरिटी गार्ड ने ही घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी थी। डीडीए के मुताबिक, 22.80 एकड़ में फैले इस पार्क में 47 लाइट पॉइंट काम कर रहे हैं। पार्क की चारदीवारी भी है और 24 घंटे 6 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। तीन शिफ्ट में दो-दो गार्ड ड्यूटी करते हैं। डीडीए का कहना है कि पार्क में आने वाले लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को गंभीरता से लिया जाता है।

आरोपी को पकड़ने वालों को पुलिस ने किया सम्मानित

घटना के दौरान स्थानीय लोगों और सिक्योरिटी गार्ड ने जिस तरह सूझबूझ दिखाई, पुलिस ने उसकी सराहना की है। डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपी को पकड़ने और बच्ची की मदद करने वालों को पुलिस ने सम्मानित किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पार्क या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर ऐसी घटना दिखाई देने पर चुप न रहें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। समय पर मिली जानकारी से किसी बड़ी वारदात को रोका जा सकता है।

गश्त की कमी, सिर्फ एक ही गार्ड तैनात होने का आरोप

इस्माइल खां पार्क में हुई घटना के बाद पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई एकड़ में फैले इस पार्क में निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। पार्क में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है और शाम होते ही इसके कुछ हिस्सों में अंधेरा छा जाता है। लोगों का आरोप है कि इतनी बड़ी आबादी के इस्तेमाल वाले पार्क में सुरक्षा के इंतजाम जरूरत के मुताबिक नहीं हैं।

घटना के बाद बढ़ी पुलिस की गश्त

स्थानीय निवासी सुनील ने बताया कि वह 24 नवंबर की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए पार्क आए थे। घर जाने के बाद करीब 10:30 बजे वह दोबारा पार्क पहुंचे तो उन्हें बच्ची के साथ हुई घटना के बारे में पता चला। उनके मुताबिक, घटना के बाद से पुलिसकर्मी करीब हर दो घंटे में पार्क में गश्त करने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि यह व्यवस्था केवल घटना के बाद तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से जारी रखी जाए।

सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से निगरानी पर सवाल

स्थानीय निवासी पीयूष ने बताया कि पार्क में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। उनका कहना है कि इससे असामाजिक तत्वों को फायदा मिलता है। पार्क जैसे सार्वजनिक स्थान पर निगरानी की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।

दो घनी आबादी वाली बस्तियों के बीच है पार्क

यह पार्क एक तरफ संगम पार्क और दूसरी तरफ जेजे कॉलोनी के बीच स्थित है। दोनों इलाकों में बड़ी आबादी रहती है। सुबह होते ही पार्क में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आना-जाना शुरू हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी आबादी के इस्तेमाल वाले पार्क में सुरक्षा के इंतजाम भी उसी हिसाब से होने चाहिए। उनकी मांग है कि यहां पर्याप्त गार्ड तैनात किए जाएं, शाम के समय रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त हो और पुलिस नियमित रूप से गश्त करे।

चार गार्ड नियुक्त, लेकिन एक ही तैनात होने का आरोप

स्थानीय लोगों ने पार्क में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए हैं। सुनील का आरोप है कि कई एकड़ में फैले पार्क की जिम्मेदारी फिलहाल एक ही गार्ड के पास है, जबकि यहां चार गार्ड होने चाहिए। स्थानीय लोगों का दावा है कि पार्क के लिए चार गार्ड नियुक्त किए गए हैं, लेकिन ठेकेदार ने केवल एक ही गार्ड तैनात किया है। लोगों का कहना है कि शाम के बाद पार्क के कुछ हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से अंधेरा छा जाता है। ऐसे में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *