November 25, 2026
Park Permission for Shooting & Function

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने मंगलवार को अपने 17 चिन्हित पार्कों में निजी समारोहों, कॉरपोरेट कार्यक्रमों और फिल्म शूटिंग आदि के लिए स्थान बुक करने हेतु एकल खिड़की ऑनलाइन नीति की घोषणा की है।

हाइलाइट्स

  • उपराज्यपाल तरनजीत संधू के निर्देश पर DDA की पहल
  • शैक्षणिक गतिविधियों के लिए एक रुपए में बुक होंगे पार्क
  • बुकिंग के लिए होंगी तीन श्रेणियां

राजधानी दिल्ली में अपने कॉरपोरेट कार्यक्रमों ,परिवारिक समारोह के लिए डीडीए पार्क की बुकिंग की चाह रखने वाले लोगों का सपना जल्द ही पूरा होने वाला है। दिल्ली विकास प्राधिकरण ( डीडीए ) ने मंगलवार को पार्क बुक करने के लिए एकल खिड़की नीति की घोषणा की। इसके तहत आम लोग कॉरपोरेट कार्यक्रमों, फिल्मों की शूटिंग और निजी समारोहों सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए पार्क में स्थान बुक कर सकेंगे।

पार्कों की बुकिंग के लिए बनाई गईं तीन श्रेणी

पार्क और हरित क्षेत्रों तक आम लोगों की पहुंच बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाई गई इस नीति के तहत निर्धारित खुले स्थानों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी ए1 में 200 लोगों, श्रेणी ए2 में 200 से 500 लोगों और श्रेणी ए3 में 500 से अधिक लोगों के जुटने की व्यवस्था होगी।

डीडीए ने जारी किया बयान

डीडीए के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बाहरी परिवेश में सीखने और अनुभव आधारित शिक्षा के महत्व को देखते हुए स्कूलों को शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों के लिए निर्धारित पार्क में एक रुपये में स्थान बुक करने की सुविधा दी गई है। इनमें स्कूल पिकनिक, पेंटिंग और फोटोग्राफी गतिविधियां, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और इसी तरह की अन्य शैक्षणिक गतिविधियां शामिल हैं।

डीडीए की वेबसाइट से जोड़ा जाएगा बुकिंग पोर्टल

प्रस्तावित केंद्रीकृत एकल खिड़की ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल को डीडीए की वेबसाइट से जोड़ा जाएगा। डीडीए ने बताया कि बुकिंग की पूरी प्रक्रिया एक साझा डिजिटल मंच पर उपलब्ध होगी। इस पोर्टल पर आवेदकों को उपलब्ध स्थानों, उनकी क्षमता, लागू शुल्क और भुगतान संबंधी जानकारी मिलेगी।

एलजी संधू के निर्देशों पर शुरू की गई पहल

अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को प्रकृति के साथ जुड़ने और उसे अनुभव करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस नीति के तहत 17 पार्कों की पहचान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *