November 24, 2026
PUNJAB - PAKISTAN Border

अजय शास्त्री (प्रकाशक व संपादक)

बीसीआर न्यूज़/चंडीगढ़/नई दिल्ली: पाकिस्तान की ओर से वीजा और पासपोर्ट दस्तावेज देर से मिलने के कारण करीब 500 सिख तीर्थयात्री ननकाना साहिब में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व समारोह में शामिल नहीं हो सके।

हाइलाइट्स

  • वीजा में देरी के कारण करीब 500 श्रद्धालु यात्रा से वंचित
  • 3091 तीर्थयात्रियों को मिला था पाकिस्तान का वीजा
  • 24 नवंबर को ननकाना साहिब में होगा प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन

पाकिस्तान की ओर से वीजा जारी करने और पासपोर्ट लौटाने में हुई देरी के कारण भारत के करीब 500 सिख तीर्थयात्री इस बार ननकाना साहिब में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व समारोह में शामिल नहीं हो पाए। अटारी-वाघा सीमा पार करने की तय समय-सीमा समाप्त होने तक ये श्रद्धालु इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट नहीं पहुंच सके। इनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और बिहार सहित कई राज्यों के तीर्थयात्री शामिल थे। कई लोगों को यात्रा से कुछ दिन पहले ही पासपोर्ट और वीजा दस्तावेज मिले थे। इसी के चलते वे समय पर सीमा तक नहीं पहुंच पाए।

2339 श्रद्धालु ही पाकिस्तान में प्रवेश कर सके

पाकिस्तान ने इस धार्मिक यात्रा के लिए कुल 3091 तीर्थयात्रियों को वीजा देने की मंजूरी दी थी। हालांकि, निर्धारित समय के भीतर केवल 2339 श्रद्धालु ही पाकिस्तान में प्रवेश कर सके। अधिकारियों के मुताबिक, दस्तावेजों में कमी या पर्याप्त कागजात नहीं होने के कारण 252 लोगों को सीमा पार करने की अनुमति नहीं मिली। वहीं कई अन्य श्रद्धालु समय पर अटारी नहीं पहुंच पाए। इस मामले को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के सामने कड़ा विरोध जताया है। कमेटी का आरोप है कि वीजा मंजूरी की जानकारी देने और तीर्थयात्रियों के पासपोर्ट लौटाने में हुई देरी के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा से वंचित रह गए।

एसजीपीसी की ओर से भेजे गए जत्थे में 1822 श्रद्धालु यात्रा पर

इस बार सबसे बड़ा जत्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से भेजा गया है। इसके 1822 श्रद्धालु यात्रा पर गए हैं। जत्थे का नेतृत्व अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज कर रहे हैं। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने 173 तीर्थयात्रियों के वीजा के लिए आवेदन किया था। इनमें से 172 वीजा मंजूर हुए और एक आवेदन खारिज कर दिया गया। करीब 17 श्रद्धालुओं ने निजी कारणों से बाद में यात्रा से नाम वापस ले लिया। बाकी यात्रियों ने अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की।

प्रकाश पर्व का मुख्य समारोह 24 नवंबर को

ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान पर प्रकाश पर्व का मुख्य समारोह 24 नवंबर को आयोजित होगा। दस दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुरुद्वारा सच्चा सौदा, गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब, गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर, गुरुद्वारा डेरा साहिब और लाहौर के अन्य ऐतिहासिक सिख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा पूरी होने के बाद सभी श्रद्धालु 1 दिसंबर को वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटेंगे। दरअसल, धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच 1974 में हुए प्रोटोकॉल के तहत वीजा एक निश्चित तारीख और यात्रा कार्यक्रम के लिए जारी किए जाते हैं। इस बार तीर्थयात्रियों के वीजा 22 नवंबर से 1 दिसंबर तक मान्य हैं, लेकिन पाकिस्तान में प्रवेश केवल निर्धारित तारीख पर ही किया जा सकता है। तय दिन सीमा पार नहीं कर पाने वाले श्रद्धालु वीजा की बाकी अवधि में बाद में यात्रा में शामिल नहीं हो सकते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *