अजय शास्त्री (प्रकाशक व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/चंडीगढ़/नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और अकाली दल ने फिर से गठबंधन कर लिया है। दिल्ली में दोनों दलों ने इसकी औपचारिक घोषणा की। आइए जानते हैं पंजाब में दोनों दल कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
हाइलाइट्स
- बीजेपी और अकाली दल में फिर हुआ गठबंधन
- दिल्ली में दोनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया ऐलान
- सितंबर 2020 में टूटा था दोनों के बीच गठबंधन
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है। दोनों पार्टियों ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने गठबंधन को बहाल करने का औपचारिक ऐलान किया। दोनों दलों के साथ आने से आगामी विधानसभा चुनाव में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बता दें कि बीजेपी और अकाली दल का पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था।
अमित शाह ने किया ऐलान
अमित शाह ने इस गठबंधन का ऐलान करते हुए बताया कि अकाली दल आज लौटकर फिर एनडीए में आ रहा है। मैं सुखबीर बादल और अकाली दल का एनडीए में फिर से स्वागत करता हूं। जब पीएम को बताया गया कि एनडीए में एक और साथी आ रहा है तो वो काफी खुश हुए। उन्होंने खुद सुखबीर बादल को फोन कर बधाई दी। बीजेपी और अकाली दल का गहरा रिश्ता रहा है। यह गठबंधन हिंदू सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा। हमारा रिश्ता अटूट रहा है।
जल्द जारी होगा घोषणा पत्र
उन्होंने कहा कि जल्द ही हम घोषणा पत्र जारी करेंगे। शाह ने कहा कि नशा और भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा करेंगे। 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को नशे से मुक्त कर देंगे। किसानों की समस्या खत्म करने के लिए रोडमैप तैयार किया गया है। हम पंजाब के किसानों और युवाओं के लिए काम करेंगे। आने वाले दिनों में हम पंजाब में एनडीए की सरकार बनाएंगे।
सुखबीर बादल ने क्या कहा
सुखबीर बादल ने कहा कि आज बड़ा शुभ दिन है। आज फिर एक गठबंधन हुआ है। यह एक इमोशनल गठबंधन है। मेरा पिता जी कहते थे कि यह गठबंधन पंजाब के हित के लिए गठबंधन है। उन्होंने कहा कि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है। अकाली दल 106 साल पुरानी पार्टी है। 1996 में आडवानी जी और वाजपेयी ने यह रिश्ता जोड़ा था। यह रिश्ता पंजाब को सुरक्षित बनाने का रिश्ता है। पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। आज पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारी और मजदूरी बचाने की जरूरत है। यह सिर्फ डबल इंजन सरकार कर सकती है।
बताया एनडीए का मिशन
पंजाब को सोने की चिड़िया कहा जाता था, लेकिन पिछले 10 साल में पंजाब को बर्बाद कर दिया गया। मैंने पीएम मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन जी के साथ पंजाब के मुद्दों पर लंबा चर्चा की। हमारा मिशन किसान, युवाओं और व्यापारियों को तरक्की पर लाना है। देश में जितने भी जंग हुई उसे 50 प्रतिशत पंजाब के जवान शामिल थे।
कांग्रेस ने बोला हमला
बीजेपी-अकाली दल गठबंधन पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल दिशाहीन, अवसरवादी और पंजाब के लोगों के साथ द्रोह की राजनीति है। हमारे 750 किसानों की शहादत हुई। लोगों ने इन्हें मजबूर किया कि ये पंजाब की बेहतरी के लिए नहीं है बल्कि पंजाब की बर्बादी में इनकी बहुत बड़ी भूमिका है। मैं ऐसी राजनीति को बिल्कुल ही खारिज करता हूं।
क्यों टूटा था बीजेपी गठबंधन
अकाली दल ने केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए से अपना नाता तोड़ लिया था। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में यह फैसला लिया गया था। इन कानूनों के विरोध में अकाली दल की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे।
2022 में अलग-अलग लड़े चुनाव तो हो गया बुरा हाल
गठबंधन टूटने के बाद बीजेपी और अकाली दल ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था। लेकिन दोनों पार्टियां का यह फैसला उनके लिए नुकसानदायक साबित हुआ। राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से अकाली दल को केवल तीन सीटों पर जीत मिली थी। वहीं बीजेपी के खाते में सिर्फ दो सीटें आई थीं। अब दोनों पार्टियों ने एक बार फिर गठबंधन करके खुद की स्थिति को मजबूत करने की कोशिश की है।
कौन होगा सीएम फेस
दोनों दलों के बीच सीएम फेस को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है। अकाली दल चाहता है कि गठबंधन चुनाव में सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश किया जाए। हालांकि बीजेपी इस बात पर सहमत नहीं है। अकाली दल की कोशिश है कि गठबंधन में उसकी वरिष्ठ सहयोगी की भूमिका बनी रहे। ऐसे में वो सुखबीर बादल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाने की मांग कर रहा था।
