अजय शास्त्री (प्रकाशक व संपादक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण से राहत दिलाने के लिए MCD और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुल मिठाई, पीली कोठी और तीस हजारी समेत कई इलाकों में अवैध कब्जे हटाए गए। खारी बावली में भी पुराने कब्जों पर कार्रवाई हुई।
हाइलाइट्स
- पुरानी दिल्ली में अतिक्रमण और अवैध ई-रिक्शाओं के खिलाफ कार्रवाई
- खारी बावली में 30-40 साल पुराने कब्जे हटाए गए
- चांदनी चौक, चर्च मिशन रोड समेत अन्य इलाकों में भी कार्रवाई के निर्देश
पुरानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाने के लिए MCD ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर शनिवार को अभियान चलाया। इस दौरान पुल मिठाई, पीली कोठी, रानी अवंतिका चौक और तीस हजारी समेत कई प्रमुख इलाकों में सड़कों, फुटपाथों और रास्तों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए। मुहिम का मकसद पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ खाली कराना और गाड़ियों की आवाजाही को सुगम बनाना था।
लोगों को सुरक्षित आवागमन की मिलेगी सुविधा
पुरानी दिल्ली के कई इलाकों में लंबे समय से सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के साथ अवैध ई-रिक्शाओं के संचालन की समस्या बनी हुई है। इससे ट्रैफिक में रुकावट पैदा होती है और स्थानीय निवासियों, व्यापारियों तथा पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए संबंधित विभागों के साथ तालमेल बनाकर यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई जारी: अफसरों का कहना है कि निगम आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखेगा, ताकि पुरानी दिल्ली में लोगों को सुरक्षित रास्ते की सुविधा मिल सके
यहां भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए
MCD के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सचिवालय में इंद्रप्रस्थ हेरिटेज रीडिवेलपमेंट कॉर्पोरेशन की बैठक हुई थी। इसमें पुरानी दिल्ली के ट्रैफिक, सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण तथा अवैध ई-रिक्शा संचालन से जुड़े मुद्दे पर चर्चा की गई थी। बैठक में अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। चांदनी चौक, खारी बावली और चर्च मिशन रोड समेत दूसरे प्रमुख इलाकों में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। MCD ने साफ किया है कि सड़कों, फुटपाथों और अन्य जगहों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
‘खारी बावली से 30-40 साल पुराने कब्जे हटाए’
पुरानी दिल्ली के बाजारों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मुहिम के तहत खारी बावली में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। बीनेपो के मुताबिक, निगम ने यहां 30 से 40 साल पुराने स्थायी अवैध कब्जों को हटाया। इससे एक दिन पहले पीली कोठी-पुल मिठाई इलाके में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। दो दिनों में पुरानी दिल्ली के दो प्रमुख इलाकों में हुई कार्रवाई को लेकर चांदनी चौक नागरिक मंच ने CM का अभिनंदन किया।
चांदनी चौक नागरिक मंच ने CM का अभिनंदन किया
इस कार्रवाई की पहल 20 नवंबर को चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में हुई बैठक में की गई थी। इसमें दिल्ली बीजेपी के मीडिया प्रमुख और चांदनी चौक नागरिक मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर, निगम पार्षद सुमन गुप्ता और चांदनी चौक बीजेपी जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग ने CM के सामने पुरानी दिल्ली में अतिक्रमण और रिक्शों से पैदा हो रही समस्याओं को उठाया था।
