अजय शास्त्री (वरिष्ठ पत्रकार)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली। पीतमपुरा के वीपी ब्लॉक में अतिक्रमण को लेकर एमसीडी केशवपुरम जोन पर दिल्ली सरकार के निर्देशों की अनदेखी के आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दबंगों ने गलियां बंद कर सीवर लाइन तक घरों के अंदर ले ली गई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि आखिर कब होगी अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई ? यदि आग या अन्य आपातकालीन स्थिति यहां पैदा हुई तो फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस तक नहीं पहुंच पाएगी।
सूत्रों से मिल जानकारी के मुताबिक एमसीडी (MCD) के बिल्डिंग विभाग के जेई राहुल जैसवाल कई महीनों से शिकायत वाली फाइल को दबाकर बैठे हैं। शिकायतकर्ता ऑफिस जाते हैं तो जेई राहुल जैसवाल ऑफिस में नहीं मिलते, फोन करते हैं तो फोन भी नहीं उठाते।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से भी 10 से अधिक बार संबंधित विभागों को अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। एमसीडी ने फाइल को बिल्डिंग विभाग में भेजा लेकिन बिल्डिंग विभाग का कहना है कि ये काम मेंटेंनेंस विभाग का है अब यहाँ से खेल शुरू होता है, जहां पहले जेई ललित कुमार और बाद में जेई राहुल जैसवाल ने भी इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए मेंटेनेंस विभाग का मामला बताया है।
एमसीडी (MCD) और जेई राहुल जैसवाल की इस मनमानी के चलते आरटीआई (RTI) भी लगाई जा चुकी जिसका अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
वहीं, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुनील जैन का कहना है कि मामला बिल्डिंग विभाग के अधिकार क्षेत्र का है, इसलिए फाइल वहीं भेजी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागों के बीच जिम्मेदारी टालने से अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
वहीं, एमसीडी विभाग के जेई रवि चौहान का कहना है कि हमने वीपी ब्लॉक पीतमपुरा की जांच में पाया कि क्षेत्र में अतिक्रमण बहुत ज्यादा है जिसकी जानकारी हमने जाँच करके और फाइल बनाकर सम्बंधित विभाग को कार्यवाही के लिए आगे भेज दी है अब तो ऊपर बैठे अधिकारी ही इस पर कार्यवाही करेंगे हमने अपना काम पूरा कर दिया है।
