June 5, 2026
Kharge

अजय शास्त्री (सम्पादक)

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक विवादित बयान पर चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है.

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “आतंकवादी” कहे जाने का संज्ञान लिया है और उन्हें 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है.”

इससे पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजु ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि, “भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज दुख और आक्रोश के साथ चुनाव आयोग से मुलाकात की.”

उन्होंने आगे लिखा, “खड़गे जी द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “आतंकवादी” कहना सिर्फ एक टिप्पणी नहीं है, बल्कि पूरे देश का गंभीर अपमान है. ऐसा शर्मनाक आचरण सामान्य नहीं माना जा सकता. हमने आयोग से तुरंत संज्ञान लेने का आग्रह किया है.”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कल यानी मंगलवार को चेन्नई में कहा था, “ये एआईएडीएमके के लोग, जो खुद अन्नादुरई की तस्वीर लगाते हैं, वे मोदी के साथ कैसे जा सकते हैं? वह एक टेररिस्ट हैं. उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती. ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमज़ोर कर रहे हैं.”

खड़गे की सफ़ाई

हालांकि बीजेपी नेताओं के विरोध के बाद, कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ये झूठ है, “मैंने पीएम के ख़िलाफ़ नहीं बोला. प्रधानमंत्री नेताओं और उम्मीदवारों को डरा रहे हैं, और इसी संदर्भ में मैंने कहा था कि ‘टैक्स टेररिज़्म’ हो रहा है.”

“ईडी छापे मार रही है, आयकर विभाग छापे मार रहा है, सीबीआई छापे मार रही है. यह ‘टेररिज़्म’ प्रधानमंत्री ही करा रहे है. मैंने उन्हें आतंकवादी नहीं कहा, वह लोगों को डराने के लिए इस तरह का माहौल बना रहे हैं.”

“वह छापों के जरिए लोगों को चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं और चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश कर रहे हैं. चेन्नई में मैंने यही कहा था.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *