अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)
बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली: Venezuela Attack Live Updates: वेनेजुएला की राजधानी काराकस के पश्चिम में फोर्ट ट्यूना और ला कार्लोटा सैन्य अड्डों पर धमाके हुए. हिगुएरोटे एयरपोर्ट पर भी धमाके सुनाई दिए. बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के लिए बार-बार वेनेजुएला में ग्राउंड ऑपरेशन की धमकी दी थी.
वेनेजुएला की सरकार ने अमेरिका पर अपने नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने का आरोप लगाया है. निकोलस मादुरो की सरकार ने अमेरिकी हमले को सैन्य आक्रामकता बताते हुए इसकी निंदा की है. कराकस के साथ-साथ मिरांडा, अरगुआ और ला गुइरा राज्यों में बम धमाके हुए हैं. मादुरो सरकार ने कहा कि वेनेजुएला को डराने और धमकाने के ऐसे अमेरिकी प्रयास सफल नहीं होंगे. राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में नेशनल इमरजेंसी की घोषणा कर दी है.
वेनेजुएला की राजधानी काराकस में शनिवार तड़के कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं और कम ऊंचाई पर उड़ते विमानों को देखा गया. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, आसमान में गरजते विमानों ने काराकास बर बम गिराए, धमाकों से इमारतें हिल गईं और शहर के ऊपर धुएं का गुबार उठता दिखा.
वेनेजुएला की कैपिटल सिटी के दक्षिणी इलाके में, जहां एक बड़ा सैन्य अड्डा स्थित है, धमाके के बाद अंधेरे में डूब गया. एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, कम से कम सात धमाके सुनाई दिए, जिसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शहर में धमाकों के पल कैद हुए हैं.
5:11 PM(5 मिनट पहले)
US Venezuela Attack: ड्रग्स कार्टेल के चीफ हैं मादुरो- मार्को रूबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ट्वीट कहा कि मादुरो वेनेजुएला के राष्ट्रपति नहीं हैं और उनका शासन वैध सरकार नहीं है. मादुरो कार्टेल डे लॉस सोल्स के मुखिया है, जो एक नार्को टेरर संगठन है, जिसने एक देश पर कब्ज़ा कर लिया है. और उस पर यूनाइटेड स्टेट्स में ड्रग्स फैलाने का आरोप है.
5:02 PM(15 मिनट पहले)
Caracus Airstrike: राष्ट्रपति मादुरो के पास वैधता नहीं: यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष
यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने कहा कि उन्होंने वेनेजुएला की स्थिति पर अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रूबियो और कराकस में अपने राजदूत से बातचीत की है. यूरोपीय संघ इस समय वेनेजुएला की घटनाओं पर बारीकी से नजर रख रहा है. यूरोपीय संघ ने बार-बार यह स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति मादुरो के पास वैधता नहीं है और उन्होंने शांतिपूर्ण सत्ता संक्रमण का समर्थन किया है. हर परिस्थितियों में अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों का पालन किया जाना आवश्यक है. यूरोपीय संघ ने सभी पक्षों से संयम बरतने का आह्वान किया है.
यूरोपीय संघ ने यह भी कहा कि देश में मौजूद अपने नागरिकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
4:29 PM(48 मिनट पहले)
US Attacks Venezuela: हमले से कुछ घंटे पहले चीनी प्रतिनिधिमंडल से मिले थे मादुरो
वेनेजुएला पर अमेरिकी हवाई हमलों से ठीक कुछ घंटे पहले राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने चीन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी. इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीन के लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई मामलों के लिए विशेष दूत और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के विशेष प्रतिनिधि क्यू शियाओछी कर रहे थे. प्रतिनिधिमंडल में वेनेजुएला में चीन के राजदूत लान हू, चीनी विदेश मंत्रालय के लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई विभाग के निदेशक लियू बो, उप निदेशक वांग हाओ और क्षेत्रीय अटैची लियू शेन शामिल थे. इस अहम बैठक में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे.
4:22 PM(54 मिनट पहले)
गिरफ्तारी वारंट के चलते की गई सैन्य कार्रवाई: सूत्र
अमेरिकी सीनेटर माइक ली ने दावा किया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी कर्मियों ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अमेरिका में आपराधिक आरोपों का सामना करना होगा. माइक ली के मुताबिक, विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने उन्हें जानकारी दी कि वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई का एकमात्र उद्देश्य गिरफ्तारी के दौरान अमेरिकी ऑपरेटिव्स की सुरक्षा सुनिश्चित करना था. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल वेनेजुएला में किसी अतिरिक्त सैन्य कार्रवाई की उम्मीद नहीं है.
4:15 PM(एक घंटा पहले)
पलायन होने पर सहायता बलों को सक्रिय किया जाएगा: कोलंबिया के राष्ट्रपति
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने कहा है कि वेनेजुएला सीमा पर सार्वजनिक सुरक्षा बलों को तैनात किया जा रहा है और यदि बड़ी संख्या में शरणार्थियों का पलायन होता है तो सभी उपलब्ध सहायता बलों को भी सक्रिय किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि कोलंबिया सरकार वेनेजुएला और पूरे लैटिन अमेरिका की संप्रभुता के खिलाफ किसी भी प्रकार की आक्रामकता को सिरे से खारिज करती है.
4:13 PM(एक घंटा पहले)
US Strikes on Venezuela: इससे पूरी वैश्विक व्यवस्था प्रभावित होगी: ईरान
ईरान ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की है. ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के सदस्य एक स्वतंत्र देश के खिलाफ अमेरिकी सैन्य आक्रमण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा का घोर उल्लंघन है. मंत्रालय के मुताबिक, इसके दुष्परिणाम केवल क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पूरी वैश्विक व्यवस्था को प्रभावित करेंगे. ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ऐसे एकतरफा सैन्य कदमों को रोकने और संकट के समाधान के लिए कूटनीति व संवाद को प्राथमिकता देने की अपील की है.
4:10 PM(एक घंटा पहले)
US Strikes on Venezuela: रूस ने अमेरिकी कार्रवाई की निंदा की
रूस ने वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की कथित सशस्त्र कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आज सुबह अमेरिका ने वेनेजुएला के विरुद्ध सशस्त्र आक्रामकता का कदम उठाया, जिससे मॉस्को को गहरी चिंता है. वॉशिंगटन द्वारा दिए गए तर्क पूरी तरह बेबुनियाद हैं और यह कदम व्यावहारिक कूटनीति नहीं, बल्कि वैचारिक शत्रुता से प्रेरित है.
रूस ने सभी पक्षों से संयम बरतने और हालात को और न भड़काने से बचने की अपील करते हुए संवाद के जरिए मतभेद सुलझाने पर जोर दिया है तथा कूटनीतिक प्रयासों में सहयोग की पेशकश की है. लैटिन अमेरिका को शांति का क्षेत्र बने रहना चाहिए और वेनेजुएला को बिना किसी बाहरी सैन्य हस्तक्षेप के अपने भविष्य का निर्धारण करने का पूरा अधिकार है.
रूस ने वेनेजुएला की जनता के साथ एकजुटता जताते हुए उसकी बोलिवेरियन नेतृत्व को संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा में समर्थन देने की बात कही. साथ ही, रूस ने वेनेजुएला और अन्य लैटिन अमेरिकी देशों की ओर से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तत्काल बैठक बुलाने की मांग का भी समर्थन किया है.
रूसी विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कराकस स्थित रूस का दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहा है, स्थानीय प्रशासन और रूसी नागरिकों से संपर्क बनाए हुए है और फिलहाल किसी भी रूसी नागरिक के घायल होने की कोई सूचना नहीं है.
3:55 PM(एक घंटा पहले)
इसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाएंगे: वेनेजुएला के रक्षा मंत्री
वेनेजुएला के रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो ने शनिवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि देश किसी भी विदेशी सैन्य बल की मौजूदगी का कड़ा प्रतिरोध करेगा. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और उन्हें देश से बाहर ले जाया जा रहा है.
पैड्रिनो ने आरोप लगाया कि तड़के हुए अमेरिकी हमले में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया, जिससे आम लोगों को नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों और घायलों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और इसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाया जाएगा.
3:46 PM(एक घंटा पहले)
US Strikes: मादुरो और उनकी पत्नी लापता: वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति
वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति ने दावा किया है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस इस समय लापता हैं. यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से यह दावा किया कि मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है.
3:44 PM(एक घंटा पहले)
US Attack on Venezuela: प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तृत जानकारी देंगे ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला में अमेरिकी ऑपरेशन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. उन्होंने कहा कि हमारा ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है. विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दूंगा.
3:00 PM(2 घंटे पहले)
US Strikes on Venezuela: अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को कब्जे में लिया
‘हमने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को कब्जे में लिया’, ट्रंप का बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की पुष्टि की है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया, ‘संयुक्त राज्य अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके नेता, राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ एक बड़े पैमाने पर सफल हमला किया है. मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर ले जाया गया है. यह अभियान अमेरिकी एजेंसियों के सहयोग से चलाया गया. विस्तृत जानकारी जल्द ही दी जाएगी. आज सुबह 11 बजे मार-ए-लागो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी. इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!’
2:38 PM(2 घंटे पहले)
US Strikes on Venezuela: वेनेजुएला में इन 5 प्रमुख ठिकानों को अमेरिका ने बनाया निशाना
कोलंबिया के राष्ट्रपति ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस में अमेरिकी वायु सेना द्वारा किए गए हमलों से प्रभावित ठिकानों की सूची प्रकाशित की है. इस सूची में सैन्य और सरकारी सुविधाओं के साथ-साथ देश के पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज का मेमोरियल भी शामिल है. अमेरिका ने जिन ठिकानों को एयर स्ट्राइक के जरिए निशाना बनाया उनमें…
- फोर्ट ट्यूना – काराकस का मेन मिलिट्री बेस
- ला कार्लोटा – काराकस का मेन एयरबेस
- एल वोल्कान – मेन रडार स्टेशन
- ला गुएरा पोर्ट – वेनेजुएला का प्रमुख बंदरगाह
- इगुएरोटे एयरपोर्ट – मिरांडा राज्य का हवाई अड्डा शामिल हैं.
2:28 PM(2 घंटे पहले)
US Attack on Venezuela: अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत वेनेजुएला छोड़ने को कहा
अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए वेनेजुएला की यात्रा नहीं करने की एडवाइजरी जारी की है. इसमें अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है, ‘वेनेजुएला की यात्रा न करें और न ही वहां ठहरें, क्योंकि वहां आपको गलत तरीके से हिरासत में लेकर प्रताड़ित किया जा सकता है. आपका अपहरण हो सकता है या स्थानीय कानूनों का आपके खिलाफ गलत इस्तेमाल किया जा सकता है. इस समय वेनेजुएला में अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ अपराध, नागरिक अशांति और खराब स्वास्थ्य व्यवस्था का खतरा बहुत अधिक है. वेनेजुएला में रहने वाले सभी अमेरिकी नागरिकों और वैध स्थायी निवासियों को तुरंत वहां से निकलने की सलाह दी जाती है.’
2:22 PM(2 घंटे पहले)
Venezuela Blast Live: अमेरिका ने कमर्शियल विमानों के वेनेजुएलन एयरस्पेस में जाने पर लगाया बैन
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र में चल रही सैन्य गतिविधियों के मद्देनजर अपने कमर्शियल विमानों के ऑपरेशन पर प्रतिबंध लगा दिया है. यह प्रतिबंध वेनेजुएला की राजधानी काराकस में सिलसिलेवार धमाकों की खबरों से कुछ ही समय पहले लगाया गया.
2:11 PM(3 घंटे पहले)
Blast in Venezuela: अमेरिकी हमले के बाद वेनेजुएला में नेशनल इमरजेंसी लागू
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य हमारे देश के रणनीतिक संसाधनों, खासकर तेल और खनिजों पर कब्जा करना और राजनीतिक स्वतंत्रता को बलपूर्वक तोड़ना है. उन्होंने देश में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की है. मादुरो ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी नेशनल डिफेंस प्लान को उचित समय और उपयुक्त परिस्थितियों में लागू किया जाए. साथ ही, उन्होंने देश की सभी सामाजिक और राजनीतिक शक्तियों से इस साम्राज्यवादी हमले के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की अपील की है.
2:04 PM(3 घंटे पहले)
Venezuela Blast: अमेरिका हर बार की तरह इस बार भी विफल होगा- वेनेजुएला
वेनेजुएला की सरकार ने अमेरिकी हमले की पुष्टि करते हुए एक बयान में कहा…
-इस तरह की आक्रामकता अंतरराष्ट्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा है, खासकर लैटिन अमेरिका और कैरेबियन में, और लाखों लोगों के जीवन को गंभीर खतरे में डालती है.
-वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के लिए अमेरिका का युद्ध थोपने का यह प्रयास, पिछले सभी प्रयासों की तरह विफल हो जाएगा. 1811 से ही वेनेजुएला ने ऐसी आक्रामकता का सामना किया है और उन्हें पराजित किया है.
-आज वेनेजुएला के लोग इस हमले के खिलाफ अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एक बार फिर उठ खड़े हुए हैं, सड़कों पर उतर आए हैं.
-यूनाइटेड नेशन चार्टर के अनुच्छेद 51 का कड़ाई से पालन करते हुए, वेनेजुएला अपने लोगों, अपने क्षेत्र और अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए वैध आत्मरक्षा का प्रयोग करने का अधिकार सुरक्षित रखता है.
-हमारे सुप्रीम लीडर कमांडर ह्यूगो चावेज फ्रियास ने कहा था, ‘किसी भी नई कठिनाई का सामना करने के लिए, चाहे वह कितनी भी बड़ी क्यों न हो, सभी देशभक्तों की प्रतिक्रिया एकता, संघर्ष, लड़ाई और विजय होती है.’
1:46 PM(3 घंटे पहले)
Venezuela Blast News: अमेरिका का वेनेजुएला पर किया हमला, चार राज्यों में बमबारी
वेनेजुएला की सरकार ने एक आधिकारिक बयान में अमेरिका पर अपने नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले शुरू करने का आरोप लगाया है. निकोलस मादुरो की सरकार ने अमेरिकी हमले को सैन्य आक्रामकता बताते हुए इसकी निंदा की है. वेनेजुएला की सरकार ने कहा कि ये हमले कराकस के साथ-साथ मिरांडा, अरगुआ और ला गुइरा राज्यों में हुए हैं. ऐसे प्रयास सफल नहीं होंगे. राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने देश में नेशनल इमरजेंसी की घोषणा कर दी है. हालांकि, अमेरिका ने अभी तक इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है.
1:42 PM(3 घंटे पहले)
Caracas Venezuela Blast: वेनेजुएला के ईंधन भंडार पर कब्जा चाहते हैं ट्रंप- मादुरो
ट्रंप ने मादुरो पर मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों और अमेरिका में अवैध प्रवासियों के घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका का कोई भी हमला मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के उद्देश्य से होगा. वहीं दूसरी ओर, मादुरो ने ट्रंप पर वेनेजुएला को उपनिवेश बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है और दावा किया है कि ट्रंप देश के विशाल ईंधन भंडारों पर कब्जा करना चाहते हैं. अमेरिका उन कई देशों में शामिल है जिन्होंने 2024 में मादुरो की कथित चुनावी जीत का विरोध किया था.
1:38 PM(3 घंटे पहले)
Explosion in Venezuela: अमेरिका को है वेनेजुएला में धमाकों की खबर- CBS न्यूज
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को शनिवार तड़के वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हुए बम धमाकों और विमानों की मौजूदगी की जानकारी है. यह घटना ट्रंप प्रशासन द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर हफ्तों से डाले जा रहे दबाव के बाद घटी है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने वेनेजुएला के समकक्ष पर मादक पदार्थों की तस्करी और अपराध के जरिए अमेरिका में घुसपैठ करने का आरोप लगाया है.
1:36 PM(3 घंटे पहले)
Venezuela Blast Live: डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला पर हमले का आदेश दिया- यूएस मीडिया
अमेरिकी अधिकारियों ने सीबीएस न्यूज को बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला पर हमले के आदेश दिए हैं. इसके तहत वेनेजुएला की राजधानी काराकास में मिलिट्री फैसिलिटी, एयरपोर्ट और अन्य सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया है. लड़ाकू विमानों ने शनिवार तड़के काराकास पर बमबारी की.
