June 5, 2026
Ravjot Kaur

ब्यूरो डेस्क, पंजाब

बीसीआर न्यूज़/पंजाब: आयोग ने यह कदम जिले में उपचुनाव से जुड़ी शिकायतों और पुलिस की भूमिका पर उठे सवालों के बाद उठाया है. पिछले महीने शिअद (शिरोमणि अकाली दल) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की थी.

पंजाब में 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने सख्त कार्रवाई करते हुए तरनतारन की एसएसपी रवजोत कौर ग्रेवाल को निलंबित कर दिया है.

आयोग ने यह कदम जिले में उपचुनाव से जुड़ी शिकायतों और पुलिस की भूमिका पर उठे सवालों के बाद उठाया है. वहीं, अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को तरनतारन एसएसपी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है.

पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी. सिबिन ने आजतक से बात करते हुए निलंबन की पुष्टि की. उन्होंने कहा, “हां, निलंबन किया गया है. शिकायतें मिली थीं और और मूल्यांकन के बाद यह निर्णय लिया गया.”

हालांकि, आयोग की ओर से जारी आदेश में निलंबन का स्पष्ट कारण उल्लेखित नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई चुनावी प्रक्रिया में अनुचित हस्तक्षेप और निष्पक्षता के उल्लंघन के आरोपों के चलते की गई है.

विपक्ष की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

पिछले महीने शिअद (शिरोमणि अकाली दल) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की थी कि एसएसपी रवजोत कौर ग्रेवाल ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज कराई हैं और उन्हें चुनाव प्रचार से रोकने की कोशिश की है.

इस शिकायत के बाद अकाली दल ने तरनतारन में धरना प्रदर्शन भी किया था और निर्वाचन आयोग से मांग की थी कि ग्रेवाल को चुनाव ड्यूटी से हटाया जाए.

आयोग ने मांगा अधिकारियों का पैनल

निर्वाचन आयोग ने पंजाब सरकार को निर्देश दिया है कि वह तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का पैनल तैयार करे, ताकि आपात स्थिति में किसी भी जिले में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए तुरंत वैकल्पिक अधिकारी की तैनाती की जा सके.

बता दें कि तरनतारन विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को मतदान होगा और 14 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे. यह सीट आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *