March 6, 2026
sv fu Diwali

अजय शास्त्री (संपादक व प्रकाशक)

बीसीआर न्यूज़/नई दिल्ली।। देशभर में दीपों का पर्व दिवाली बड़े उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली के सर्वोदय विद्यालय, एफयू ब्लॉक पीतमपुरा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी दिवाली पर्व का आयोजन बड़े ही भव्य और आकर्षक ढंग से किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण दिवाली की रौशनी से जगमगा उठा। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, प्रशिक्षक और स्थानीय खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन और आयोजन ग्राउंड इंचार्ज प्रतीक माथुर द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रीय कोच सुमित माथुर ने भी इस आयोजन में अहम योगदान दिया। उन्होंने बच्चों को खेल और जीवन में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। सुमित माथुर ने कहा कि हृदिवाली का अर्थ सिर्फ दीप जलाना नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों को खत्म कर अच्छाई को अपनाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन समारोह से हुआ। दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि योगेश मेहता, सचिव हैंडबॉल एसोसिएशन दिल्ली, विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय कोच शिवाजी सिंधु और हैंडबॉल एसोसिएशन के सदस्य नरेंद्र भाटिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। दीप जलाने के बाद सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ दिवाली की शुभकामनाएं साझा कीं और भारतीय संस्कृति की इस अनूठी परंपरा को जीवंत बनाए रखने की अपील की। एमिटी विश्वविद्यालय से आए खेल अधिकारी संदीप यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल बच्चों में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ती है बल्कि समाज में भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है। उन्होंने सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, दीप सजावट प्रतियोगिता, रंगोली प्रदर्शन और खेल प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में मंचन कर राम के अयोध्या आगमन की कथा को जीवंत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। दिवाली पर्व के इस आयोजन ने विद्यालय परिसर को आनंद, उल्लास और भारतीय संस्कृति की भावना से भर दिया। अंत में सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने मिलकर दीप जलाए और देश में शांति, समृद्धि और एकता की कामना की।

Leave a Reply